बठिंडा | विशेष रिपोर्ट
Bathinda से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने फिल्मी अंदाज़ में तीन अलग-अलग राज्यों के तीन व्यक्तियों से शादी कर उन्हें ठगी का शिकार बनाया और फिर नकदी व सामान लेकर फरार हो गई।

जानकारी के अनुसार, महिला ने करीब 12 साल पहले बठिंडा में एक व्यक्ति से विवाह किया था, जिनसे उसके तीन बच्चे भी हैं। इसके बाद उसने उत्तर प्रदेश में दूसरे व्यक्ति से शादी की और फिर राजस्थान में तीसरी शादी रचाई। आरोप है कि तीनों से विवाह करने के बाद महिला ने उन्हें आर्थिक रूप से ठगा और बिना कोई जानकारी दिए वहां से चली गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश वाले पति ने बठिंडा में रह रहे पहले पति को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पहले पति ने बठिंडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी। उसका कहना है कि वह पहले ही इस महिला की ठगी का शिकार हो चुका है और पिछले एक साल से उसे यह भी नहीं पता कि महिला कहां रह रही है।

शिकायत आगे बढ़ते हुए बठिंडा के महिला थाने पहुंची। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को महिला थाने में बुलाकर उसका बयान दर्ज किया। महिला थाने के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले में बनती कानूनी कार्रवाई आने वाले दिनों में की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित राज्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।